ग़ज़ल غزل
-------------------
यार छोड़ो, ये मेरी आँख का पानी छोड़ो
मसअला ख़त्म करो बात बढ़ानी छोड़ो
ज़ुबाँ से निकले हुए लफ़्ज़ न वापस खींचो
तर्जुमानी न करो, यार मआनी छोड़ो
इश्क़ की लाश में अब जान नहीं पड़ने की
सो इसे दफ़्न करो मर्सिया ख़्वानी छोड़ो
गले से लिपटो न मेरे किसी नागिन की तरह
तुम मेरे पैर की ज़ंजीर बनानी छोड़ो
हम कोई राम नहीं हैं कि तुम्हें ढूँढेंगे
तुम कोई सीता नहीं हो जो निशानी छोड़ो
हम मुहब्बत को नए ज़ाविए से देखेंगे
कौन से मोड़ पे लायी है कहानी छोड़ो
चलो जाओ कि हमें जाना है सहरा की तरफ़
सीखनी है हमें अब ख़ाक उड़ानी, छोड़ो
दख़लन भोपाली
0 Comments