Ticker

6/recent/ticker-posts

RRकिसने कहा कि आप 221 2121 1221 212

ग़ज़ल غزل 
__________

किसने कहा कि आप ये किरदार छोड़ दें
बन ही गए हैं जज तो गुनहगार छोड़ दें

दुनिया ने जो दिया है वो लौटाएँ हम अगर
नफ़रत करें सभी से मियाँ प्यार छोड़ दें

जब झूठ से है फ़ैज़ तो फ़ौरन से पेशतर
सच्चाई से है जो भी सरोकार छोड़ दें 

नेता की ज़ात को जहाँ क़ीमत मिली सही
जनता को लात मार दें सरकार छोड़ दें

है तितलियों के सर पे क़यामत हर एक दिन
ख़ारों से ख़ौफ़ खाएँ कि गुलज़ार छोड़ दें 

रिश्ते के पेड़ पे भी समर आएँगे जनाब
रिश्तों के बीच लाएँ न व्यापार छोड़ दें

ले जाए मेरा सर जिसे दस्तार चाहिए
लेकिन कहें न हमसे कि दस्तार छोड़ दें

अब तो छिछोरे इश्क़ पे कहने लगे ग़ज़ल
दख़लन मियाँ ये इश्क़ है बाज़ार, छोड़ दें
दख़लन भोपाली

Post a Comment

0 Comments