ग़ज़ल غزل
________________
पीछे पड़े हुए हैं मेरे ग़म जहान के
लगता नहीं कि ठीक हैं सुर आसमान के
पक्के जहाँ रहें हैं सब अपनी ज़बान के
हम आख़िरी चराग़ हैं उस ख़ानदान के
घर के दरख़्त जान लें ज़िंदा हैं हम अभी
यानी कि हम असीर नहीं साएबान के
आँखों की शर्म मर गई लहजे हुए हैं तल्ख़
पर्दे जले तमीज़ के सब दरमियान के
जिस उम्र में मेरा कहा फ़रमान होना था
उस उम्र में फिर आए हैं दिन इम्तिहान के
दीवार, छत, किवाड़, सभी रोए साथ में
बारिश के दुःख अलग ही हैं कच्चे मकान के
पंछी, शिकार, जाल, बदन, इश्क़ और हवस
हर ज़ाविये में भूख है हर दास्तान के
ये सोच के शराब की बोतल से बात की
लम्हे हमें नसीब हों कुछ इत्मिनान के
इक तेरा ग़म सहेजने से फ़ैज़ ये हुआ
मुझ पर असर न डाल सके दुःख जहान के
किस्सा-ए-हिज्र अपना भी कोई नया नहीं
सब मसअले वही हैं मियाँ आन-बान के
ये और बात पाँव के नीचे ज़मीं नहीं
रस्ते तलाशता हूँ मगर आसमान के
तखरी में दिल की भारी है दुःख तेरा इस तरफ़
और उस तरफ़ हैं हल्के सभी ग़म जहान के
दीवार एक और उठा दी गई है आज
पत्थर हिले हैं नींव के अपने मकान के
दख़लन की शर्ट क्यूँ है मेरी शर्ट से सफ़ेद
सब मसअले यहीं हैं मियाँ खींचतान के
दख़लन भोपाली
0 Comments