ग़ज़ल غزل
-------------------
नक़्शा नहीं तलाश सफ़र काटते हुए
तैराक है तो तैर भँवर काटते हुए
बेरोज़गार बच्चों को लानत न भेजिए
जाहिल हैं मसनदों पे हुनर काटते हुए
समझे तमाम लोग ग़ज़ल कह रहे हैं और
हम रो रहे थे ग़म का असर काटते हुए
जंगल में एक पौदा मिनिस्टर लगाएगा
यानी सड़क बनेगी शजर काटते हुए
इस बार बारिशों में नया पुल दरक गया
इस बार बाढ़ फिर गई घर काटते हुए
हरिया का खेत खा गए होटल मकाँ दुकान
सरकार ख़ुश है ख़ूब नगर काटते हुए
कल रात ख़ाकदान में बच्चा पड़ा मिला
यानी किसी ने फेंका जिगर काटते हुए
धनिया की बेटियों पे नज़र ठाकुरों की थी
खेतों में धर-दबोचा तुअर काटते हुए
जब अट चुकी है पीठ तेरे ख़ंजरों से यार
अफ़सोस क्यूँ करे है तू सर काटते हुए
दख़लन भोपाली
0 Comments