Ticker

6/recent/ticker-posts

84 RR आसमाँ पर अपनी ही आँखो 2122 2122 2122 212

ग़ज़ल غزل
__________
जो फ़लक़ से गिर गया क्या वो सितारा ढूँढते
हम हैं बस ख़ुद ही में ख़ुद को पारा-पारा ढूँढते

हम गुज़िश्ता लम्हों के क़ैदी नहीं होते अगर
शख़्स ऐसा जिसको हम होते गवारा, ढूँढते

जो गया उसकी मिसालें ढूँढना मुमकिन नहीं 
थक गए हैं उसकी ख़ातिर इस्तिआरा ढूँढते

मैं बदन की भूख से कब तक छुपाऊँ मुँह भला
साथ चलता हो बदन जब इक सहारा ढूँढते

जिस किसी के हाथ आए काम में लाए गए
और हम हैं आज भी कोई हमारा ढूँढते

इश्क़ भी सौदा नहीं था हम भी बनिये हैं नहीं
नफ़अ जब ढूंढा नहीं कैसे ख़सारा ढूँढते

तेरी फ़ितरत मेरी फ़ितरत एक सी थी ही नहीं
वर्ना हम भी दूसरा इक माह-पारा ढूँढते

पाँच बरसों बाद उनका फोन आया तो कहा
आप ज़ेर-ए-ख़ाक अब क्यूँ हैं शरारा ढूँढते

हम बराबर लोहा लेते हैं यहाँ गिर्दाब से
क़ाफ़िला सालार साहिल पे किनारा ढूँढते

शाइरी तूने हमारा हिज्र आसाँ कर दिया
कौन समझाता हमें किसका सहारा ढूँढते








Post a Comment

0 Comments