Ticker

6/recent/ticker-posts

हमारी आँख से जो रिस 1222 1222 122

ग़ज़ल غزل
_______________

हमारी आँख से जो रिस रहा है
उसी के ग़म में ये दिल मुब्तला है

उसी ने नींद लूटी है हमारी
उसी के आसरे पर रतजगा है

कोई तावीज़ था ख़ुशियों भरा वो
जहाँ की भीड़ में गुम हो गया है

ख़ुदा तो है मुझे इंकार नहीं
मेरा कहना है वो बस देखता है

हमारे सीने का इक चलता पुर्ज़ा
अचानक चलते चलते रुक गया है

तुम्हारे बाद इक लड़की मिली थी
यक़ीनन हिज्र है पर दूसरा है

चलो छोड़ो हमारी तुम बताओ
तुम्हें वो शख़्स ख़ुश तो रख रहा है??

ए मेरी दोस्त क्या तुम रो रही थीं
ये काजल गाल तक क्यूँ आ गया है

तुम्हारा दूसरा आशिक़ भी जानाँ
हमारी तरह माथा चूमता है??
Sandeep Shrivastava

ऐसे कैसे कोई भी आ जाए
दिल कोई आम रास्ता तो नहीं

Post a Comment

0 Comments