ग़ज़ल غزل
_______________
साँस लेना भी मेरे वास्ते दुश्वारी है
मेरा इस दौर में जीना ही अदाकारी है
सर तो कहता है ज़माने की तरह हो जाऊँ
दिल के ख़ाने में प बैठी हुई ख़ुद्दारी है
बात से अपनी पलटना भी नहीं आता हमें
दौर-ए-हाज़िर में सुना है कि ये बीमारी है
घर के आँगन में तो उग आए हैं कमरे यानी
अब तो गमलों पे ही मौक़ूफ़ शजर-कारी है
आँखो आँखो में ही लड़की का बदन खा जाना
काम ये भी मेरी नज़रों में हवस-कारी है
ठीक है जाओ रिवायत ही निभाओ घर की
याद रखना ये मुहब्बत नहीं अय्यारी है
कुछ दिनों पहले थी मलिका जो हमारे दिल की
दिल पे अब उसका तस्व्वुर भी बहुत भारी है
हम वो ख़ित्ता हैं जो सब्ज़ा तो नहीं हो सकता
क़हर बारिश का लगातार मगर जारी है
रात भर जागना और प्यार की बातें करना
उसकी तस्वीर पे ये रात बहुत भारी है
तेरे बारे में कोई पूछे तो हँसना मेरा
ख़ाकसारी है मेरी, मेरी रवादारी है
वो बिछड़ने का बहाना भी नहीं गढ़ पाई
कितनी भोली है मेरी जान बहुत प्यारी है
तुमने दुनिया को चुना और मुझे छोड़ दिया
ये कोई इश्क़ नहीं, जान ये अय्यारी है
तुम कबूतर जो उड़ाते हो हमें बहलाने
हमको मालूम है ये पैंतरा अख़बारी है
लौट के आने का वादा तो किया था उसने
अब मुझे शक है मेरा इश्क़ भी सरकारी है
साँस लेना भी मेरे वास्ते दुश्वारी है
अपनी तो ज़िंदगी ही यार अदाकारी है
साँस जारी है यही तो मेरी दुश्वारी
ज़ीस्त ही अपनी मियाँ एक अदाकारी
0 Comments