Ticker

6/recent/ticker-posts

P 78 मेरे माज़ी ने मेरी 2122 1122 1122 22


ग़ज़ल غزل 
__________

मैंने हँसती हुई बस शक्ल बना रक्खी है
मेरे माज़ी ने मेरी जान ही खा रक्खी है

कम नहीं होती है रफ़्तार हमारे ग़म की
इसलिए ज़ब्त की रफ़्तार बढ़ा रक्खी है

हौसला अपना तलातुम पे पड़ेगा भारी
नाव काग़ज़ की है पर नाव बना रक्खी है

दूरियाँ मीलों में होती तो मिटा सकते थे
दरमियाँ दोनों के दीवार-ए-अना रक्खी है

दश्त-ए-दिल में है हरा आस का पौधा जिस पर
जान के आने की उम्मीद खिला रक्खी है 

मैंने कमरे में मेरी लाश पे रोने के लिए
अपने क़ातिल की ही तस्वीर लगा रक्खी है

याद-ए-माज़ी है, उदासी है, अकेलापन है
यानी रोने के लिए बज़्म सजा रक्खी है

बुलबुला ज़ीस्त का फूटे तो मुझे चैन मिले
अब तो बेकार ही पानी में हवा रक्खी है
दख़लन भोपाली








Post a Comment

0 Comments