ग़ज़ल غزل
__________
जब भी ख़ुशियों के कुछ इम्कान निकल आते हैं
दुख भी फुर्ती से अलम तान निकल आते हैं
तुम भी खिड़की पे नहीं दिखतीं किताबें पढ़ती
हम भी कूचे से बियाबान निकल आते हैं
डोर नाज़ुक है मेरे भाई बहुत रिश्तों की
टूट जाती है जो एहसान निकल आते हैं
हम तबस्सुम की रिदा ओढ़ के मिलते हैं तुम्हें
और अकेले में परेशान निकल आते हैं
काम इनका है बरसना, नहीं सुख दुख की तमीज़
ये तो आँसू हैं मेरी जान निकल आते हैं
जब भी चाहा है जहाँ छोड़ के जाना हमने
यक-ब-यक दुनिया में इंसान निकल आते हैं
छोटी बातों पे तवज्जो नहीं देते "दख़लन"
इनसे भी जंग के मैदान निकल आते हैं
0 Comments