ग़ज़ल غزل
__________
हमारे दुख की दवा ही ख़ुदा से बनती नहीं
तभी तो बात हमारी दुआ से बनती नहीं
नदी से बनती नहीं नाख़ुदा* से बनती नहीं
कभी-कभी तो हमारी ख़ुदा* से बनती नहीं
हम इसलिए भी ज़रा पीछे रह गए हैं दोस्त
हवा की हमसे, हमारी हवा से बनती नहीं
मुहाल उक़्दा है खुलता नहीं है ख़ुद से और
ये मसअला भी है उक़्दा-कुशा से बनती नहीं
दुबारा उसको पुकारें तो वो चली आए
मगर सदा की हमारी अना से बनती नहीं
किसी भी जिस्म की ख़ुशबू नहीं लुभाती हमें
सुना है उसकी भी अपने पिया से बनती नहीं
मैं इसलिए भी ग़ज़ल की तरफ़ चला आया
हर एक शख़्स की मुझ लब-कुशा से बनती नहीं
गढ़ी है जिसने ख़ला मुझमें बस वही लाओ
किसी भी जिस्म की अपनी ख़ला से बनती नहीं
0 Comments