ग़ज़ल غزل
__________
जब से इल्ज़ाम लगाने का हुनर आया है
उसकी नज़रों में फ़क़त मेरा ही सर आया है
बस निभानी है शरीअत उसे घर की लेकिन
यक-ब-यक मुझमें पर इक ऐब उभर आया है
पेशतर सीखे हैं हम लाश उठाना ख़ुद की
बार-ए-ग़म तब तो उठाने का जिगर आया है
मैं दरख़्तों की तमाज़त से जला हूँ पहले
राह में फिर से मेरी एक शजर आया है
हमने इक उम्र सहेजा तेरे दुख का पौधा
तब कहीं आँख की कोरों पे समर आया है
ये जो अब शे'र में तहदारी है, क्या तुमसे है??
या उदासी का मेरी रंग निखर आया है
आख़िरी हिचकी पे आया है मेरा चारागर
थोड़ी ताख़ीर से आया है, मगर आया है
ख़्वाब उक्ता ही गया नींद न आने से और
अश्क की शक्ल में आँखों से उतर आया है
आम लोगों को अमावस में नहीं चाँद नसीब
हिज्र वालों को शब-ओ-रोज़ नज़र आया है
दख़लन भोपाली
0 Comments