Ticker

6/recent/ticker-posts

P 67 MSs कमी बोलती है 2122 1122 1122 22 SP

ग़ज़ल غزل
__________

आप समझे वही जो ख़ंदा-लबी बोलती है
मेरी सच्चाई तो आँखों की नमी बोलती है

मैं मुसव्विर कि मुझे चाँद बनाना ही नहीं
और तन्हाई बनाने को वही बोलती है

ये तो वाजिब है अकेले में तेरी याद आए
यार पर भीड़ में क्यूँ तेरी कमी बोलती है

हम भी बे-शर्म हैं माज़ी में पड़े रहते हैं
ज़िंदगी रोज़ हमें खोटी-खरी बोलती है

अपने कमरे में ही वीरानी से मर जाते हम
वो तो अच्छा है कि दीवार घड़ी बोलती है

आपका लहजा बता देता है शजरा सारा
कूज़ा-गर बोलता है, कूज़ा-गरी बोलती है

कौन? दख़लन।.. वो सुख़नवर नहीं दीवाने हैं
उनके अशआर में आशुफ़्ता-सरी बोलती है



Post a Comment

0 Comments