ग़ज़ल غزل
__________
नहीं नसीब कोई भी तबीब घाव को बस
छुपाते रहते हैं हम आँख से रिसाव को बस
शनावरों ने मेरे डूबने का लुत्फ़ लिया
किनारे बैठ के देखा भँवर में नाव को बस
हवस के पौधों पे जिस्मों के फूल आएँगे
धियान रखिए मुहब्बत में भाव-ताव को बस
वो घर के लोग, रिवायत, वो ख़ानदान, वो ज़ात
वो लड़की मर गई सहती हुई दबाव को बस
हमें तवक़्क़ो नहीं है कोई मुदावा करे
कुरेदना है, कुरेदें हमारे घाव को बस
अकेले-पन के अँधेरे डरा रहे थे सो
जला लिया है तेरे चाव के अलाव को बस
तुम्हारे बाद किसी के नहीं हुए जानाँ
रखा है एक बदन हमने रखरखाव को बस
ज़रूरतें तो मुझे शहर खींच लाई मगर
मैं छोड़ पाता नहीं गाँव से लगाव को बस
0 Comments