ग़ज़ल غزل
__________
बात पे जाते नहीं अब जान से
बस पलट जाते हैं सब पैमान से
इश्क़ बढ़ कर फ़ैज़ से नुक़सान से
जाएँगे, जाना पड़ा जो जान से
फ़ैज़ है ये क़ौल से पैमान से
हाथ धोना पड़ रहे हैं जान से
एक तितली खा रही थी फूल को
फूल ख़ुश था इश्क़ के इम्कान से
गर मुहब्बत कर रहे हैं आप तो
ख़ौफ़ खाना छोड़ दें नुक़सान से
जान तेरा हिज्र लावारिस नहीं
पाला-पोसा है इसे जी-जान से
दास्ताँ का मरकज़ी किरदार हूँ
ये गुमाँ होता रहा उन्वान से
हम किसी को अब समझ आते नहीं
हम गए वक़्तों में थे आसान से
सब हुनर-मंदी के क़ाइल हैं मेरी
काम मिलता है मगर पहचान से
हर शिकम को दाल रोटी चाहिए
भूख तो मिटती नहीं है ज्ञान से
बोल के कुन सोचता होगा ख़ुदा
क्या उमीदें कीजिये इंसान से
सबने अपने फ़ायदे के तर्जुमे
कर लिए हैं गीता और क़ुरआन से
वाइज़ों ने नर्क कर डाला जहाँ
क़त्ल-ओ-ग़ारत जोड़ के निर्वान से
लाज़िमी है दास्ताँ पढिये मेरी
मैं नहीं खुलता फ़क़त उन्वान से
वस्ल ना* हो वस्ल के इम्कान हों
जी लगा रहता है बस इम्कान से
तू तरक्की देख तो सकता नहीं
पढ़ ख़बर में सुन ज़रा ऐलान से
कल ख़ुदा ने ख़्वाब में आकर कहा
क्या उमीदें कीजिये इंसान से
वो नए अशआर ले के आए हैं
फिर चुरा लाए हैं कुछ दीवान से??
0 Comments