ग़ज़ल غزل
__________
सायबाँ बिजलियाँ गिराने लगे
हम दरख़्तों से ख़ौफ़ खाने लगे
कोई दरिया के पार था मेरा
ना-ख़ुदा कश्तियाँ जलाने लगे
काश देखे जबीं, कोई पूछे
क्यूँ परेशानियां छुपाने लगे
उम्र उसकी नहीं ज़ियादा है
जिसको तन्हाई रास आने लगे
शे'र कहना तो सहल है हमको
शे'र जीने में हम ठिकाने लगे
मैं अगर ज़िंदगी पे शे'र कहूँ
मेरी आँखों से ख़ून आने लगे
हम भी गाना रफ़ी का सुनते हैं
ख़ामुशी शोर जब मचाने लगे
उससे बिछड़े तो शब में रोज़ हमें
रेगज़ारो के ख़्वाब आने लगे
ख़ुश है इक अजनबी के साथ में वो
हमको सहरा का ख़्वाब आने लगे
मेरे अशआर वो कहानी हैं
जिस कहानी में हम ठिकाने लगे
हमने आँखे जला लीं पानी से
उसकी तस्वीर जब जलाने लगे
एक लड़की सड़क से क्या गुज़री
मर्द आँखों से जिस्म खाने लगे
हम भी फीनिक्स की सिफ़त ठहरे
जब जले बाल-ओ-पर बनाने लगे
0 Comments