ग़ज़ल غزل
__________
हमारी आँखे बदल रही हैं अभी नदी में
ये सीन भी हम लिखा के लाए थे ज़िंदगी में
अगरचे मैं था क्लास का इक ख़राब लड़का
तुम्हारे कारण मगर मैं अव्वल था हाज़िरी में
जो पहली टॉफ़ी तुम्हें खिलाई थी हमने जानाँ
सहेज रक्खा है उसका रैपर भी डायरी में
ये जिंदगी है किसी के जाने से कब रुकी है
मगर तुम्हारी कमी तो खलती है ज़िंदगी में
जो वक़्त बदला तो तल्ख़ होना भी लाज़िमी थे
तमाम लहजे जो पहले डूबे थे चाशनी में
हरेक शय में रखें तवाज़ुन ज़रूरी है ये
बुझी हुई थीं हमारी आँखे भी रौशनी में
हम ऐसे लड़को से पूछिए मत कि क्या करेंगे
उदास लड़के कमाल करते हैं शाइरी में
0 Comments