ग़ज़ल غزل
__________
आँखों से ढलक आया है आरिज़ पे पड़ा है
ढाँढस तो बँधा दोस्त मेरा ख़्वाब मरा है
मज़मून-ए-ग़ज़ल में तो कई जंग लड़ी हैं
ख़ंजर पे हक़ीक़त में फ़क़त ज़ंग लगा है
दस दिन की मिटे भूख है बस इतनी कमाई
इक माह की मेहनत का यही दाम मिला है
ये किसके मसाइल से ग़ज़ल रो पड़ी है आज
लफ़्ज़ों पे मेरे कौन धुआँ फूँक रहा है
ख़ुशबू को हड़पने को लगाए हैं कई घात
हरिया की टपरिया में नया फूल खिला है
ये कैसे मसाइल से हैं अशआर गिराँ-बार
ये कौन है मुझमें जो लहू थूक रहा है
ये किसकी हवस बहती है नाले में यहाँ पर
ये लख़्त-ए-जिगर किसने यहाँ फेंक दिया है
दुनिया मेरे मेयार पे उतरी ही नहीं ठीक
सुनते हैं इसे जिसने गढ़ा कोई ख़ुदा है
मैं खुरदुरे लहजे को लिए भाग रहा हूँ
होने को रक़म हुस्न मुझे ढूँढ रहा है
पीने को जो पानी है वो गँदला नहीं है दोस्त
पानी में ग़रीबी का तुझे अक्स दिखा है
मैं वज्न घटाने के लिए दौड़ रहा हूँ
इक भूखा बशर मेरी तरफ़ घूर रहा है
उस क़ाफ़िले को छोड़ना बेहतर है मेरे दोस्त
रहबर ही जहाँ राह की दीवार बना है
0 Comments