ग़ज़ल غزل
__________
सँवारने की मेरी कोशिशें तो हैं पैहम
मगर ए ज़ीस्त तेरी ज़ुल्फ़ है बड़ी बरहम
मुझ ऐसे टाट से लोगों को भी बना रेशम
मसीहा है तो बना ज़ख़्म का मेरे मरहम
वो जिसके पाँव के काँटे निकाले पलकों से
बना रहा है वही रास्ते मेरे मुबहम
मेरी ख़ुशी में ज़माना शरीक था वैसे
मगर हुआ ही नहीं कोई भी शरीक-ए-ग़म
हमारा हाल किसी रुत में भी नहीं बदला
उठा के चलता रहा हिज्र का अलम आलम
हमारे आने से सहरा की धूल बैठ गई
हम इसको समझें पज़ीराई या कहें मातम
रफ़ी के गाने की आवाज़ तेज़ कर दी गई
यूँ अपने रोने की आवाज़ को किया मद्धम
ये आइने जो हमें आइना दिखाते हैं
इन आइनों के भी चेहरे बचा रहे हैं हम
फिर आज शब में करेंगे तुम्हारी ही बातें
शराब, मैं, तेरी तस्वीर और तेरा ग़म
0 Comments