Ticker

6/recent/ticker-posts

P 51 यार खिलौने काम आते हैं2x15


ग़ज़ल غزل 
__________
यार खिलौने काम आते हैं बच्चों को बहलाने में
हमने अपना बचपन खोया ख़ुद को यह समझाने में

नींद में डर न जाए बेटा ऐसा सोच के अम्मा का
याद आता है नन्हा सा चाकू रखना सिरहाने में

पुश्तैनी दौलत की ख़ातिर तलघर का ताला तोड़ा
इक बोरी में बंद किताबें रक्खी थीं तहख़ाने में

पूजा-पाठ पे अक्सर उसके ताने कसता हूँ लेकिन
शाम ढले सुंदर लगता है इक दीपक तुलसाने में

रख देते हैं घर के बाहर अपनी उलझन की गठरी
सोचो कितना दम लगता है हँस कर भीतर जाने में

जिन पेड़ों की समरदार शाख़ों से हम महरूम रहे
उन पेड़ों पर छाँव रखी है हमने तो हर्जाने में

थोड़ी तबीयत हल्की है अब थोड़ा अच्छा लगता है
मुँह फूला है आँखों का पर अश्कों के बह जाने में

आधी राधा प्रेम में व्याकुल गोकुल में मिल जाती हैं
भटक रहे हैं आधे माधव अब भी तो बरसाने में

ग़ज़लें कहना कोई मुश्किल काम नहीं "दख़लन साहब"
जान हलक़ में आ जाती है जीवन को सुलझाने में

सूखी नद्दी पार करें हम मल्लाहों को टेक्स भी दें
और सियासत लगी हुई रेत पे मीन दिखाने में

कुछ अपनों की यादें दिल को इतनी प्यारी लगती हैं
जैसे कोई दीप हो रौशन आँगन के तुलसाने में




Post a Comment

0 Comments