ग़ज़ल غزل
__________
उसके आरिज़ पे ढलक आए थे पानी बनकर
हमने दो दरिया बहाए थे रवानी बनकर
हमने सोचा भी नहीं था कि गगन ताकेंगे
घर ने पर खोल दिए नक़्ल-ए-मकानी बनकर
पहले तस्वीर तेरी देती थी ताने और अब
ज़ख़्म दीवार का घूरे है निशानी बनकर
ख़ाना-ए-दिल पे तू क़ाबिज़ है अभी भी लेकिन
अब तू रहता है फ़क़त दर्द-ए-निहानी बनकर
हाशिए पे मुझे रहना ही नहीं आता सो
दास्ताँ छोड़ दी मैने भी कहानी बनकर
तिश्ना-लब प्यार से "दख़लन" को नदी कहते थे
हम वही रेत हैं बहते थे जो पानी बनकर
हाए ये दुख ही वफ़ादार रहा है अब तक
मेरी आँखों में पड़ा रहता है पानी बनकर
0 Comments