ग़ज़ल غزل
__________
यक़ीन करते रहे हम भी दास्तानों में
नहीं है कोई ख़ुदा सात आसमानों में
वो कह रही थी बिछड़ना ख़ुदा की मर्ज़ी है
बहाना यार ये बरतर था सब बहानों में
हमारे कमरे में तस्वीर है तुम्हारी और
तमाम फूल भी नकली हैं फूल-दानों में
हम ऐसे लोग बहुत कम थे मेरी जान सुनो
हम ऐसे लोग मयस्सर हैं अब फ़सानों में
कभी जो दिल करे रोना है, तो चली आना
अभी भी जान बहुत है हमारे शानों में
तुझे तो घर के सभी लोग याद करते हैं
प तेरा ज़िक्र भी होता है महज़ तानों में
हमारे दिल में बनाओ न घर नई लड़की
कहाँ पनपता है पौधा कोई चटानों में
टिकाए बैठे हैं गिरते हुए शजर से पीठ
हमारा नाम लिखा जाए साएबानों में
वफ़ा, ख़ुलूस, मुहब्बत, ज़मीर बातें हैं
ये माल मिलता नहीं जिस्म की दुकानों में
ये माल सड़ चुका है जिस्म की दुकानों में
फ़क़त वो कोशिशें थीं तुमको भूल जाने की
जो हमने वक़्त गुज़ारा शराब-ख़ानों में
नज़र के सामने कल ख़ुद का बचपना आया
कुछ एक बच्चे दिखे जाते कारख़ानों में
_________
यक़ीन रखता नहीं हूँ मैं अब फ़सानों में
तलाशता था ख़ुदा पहले आसमानों में
तराशते हैं अगर हम ख़ुदा चटानों में
तो यार आप भी उलझे हैं आसमानों में
जो कह रहे हैं नहीं है ख़ुदा चटानों में
हैं वो भी उलझे हुए यार आसमानों में
0 Comments