ग़ज़ल غزل
__________
कल अचानक माँ का चेहरा आ गया जो ध्यान में
काग़ज़ों के फूल खिलने लग पड़े गुलदान में
कागज़ों के फूल खिलने लग गए गुलदान में
उसके कूचे की हवा बैठी है रोशनदान में
एक कमरा दे दिया है और कहा है चुप रहो
यानी हमको गिन रहा है घर भी अब सामान में
इसलिए दहशत-ज़दा हूँ बारिशों की चाप से
काट कर गेहूँ धरा है कल ही तो खलिहान में
गाँव का वो घर बड़ा सा खेत इक और इक कुआँ
बेंच कर हम शहर में रहने लगे ज़िंदान में
कॉफी पीना घूमना फिरना किसी के साथ में
दास्ताँ कुछ और थी ये था फ़क़त उनवान में
पहले इक दालान था कुछ पेड़ थे फल से लदे
अब तो कमरे उग गए हैं बाग़ में दालान में
दुख हुआ जब ख़्वाब सुनकर कूज़ा-गर कहने लगा
ख़्वाब और औक़ात दोनों को रखो मीज़ान में
आ रही है घिन मुझे इंसान की फ़ितरत से अब
मुझको पशुओं में गिनो तुम, मत गिनो इंसान में
एक दो ग़ज़लों में मेरी ज़िंदगी बँधती नहीं
दास्ताँ पढ़ना है मेरी, पढ़ मेरे दीवान में
पीतल के गुलदान हटा कर अच्छा नहीं किया तुमने
मेरी माँ का नाम लिखा था उन दोनों गुलदानों पर
0 Comments