ग़ज़ल غزل
__________
रोज़ मरता हूँ तेरे आने के इम्कान के साथ
क्या तेरी बनती नहीं अपने ही पैमान के साथ
क़ैद पंछी पे कोई शे'र नहीं कह सकता
मेरा रिश्ता भी रहा है कभी ज़िंदान के साथ
हम वो गुलदान जिसे फूल भी असली न मिले
कागज़ी फूल सजाए गए गुलदान के साथ
ज़ख़्मी पैरों में सलीक़े से मसाफ़त रखते
तुमने मुश्किल भी अता की हमें एहसान के साथ
ख़ुद को इंसान भी कहते हुए डर लगता है
घर ही जब गिनने लगे आपको सामान के साथ
ज़िंदगी छोड़ के जाने की जुगत करती है
कब तलक ये भी निबाहेगी परेशान के साथ
वो तो हम हैं कि रवाँ रक्खी हैं साँसे हमने
कौन जीता है भला इतने भी नुक़सान के साथ
अपने दीवान पे "दख़लन" का नहीं होगा नाम
कुछ तसावीर बना दूँगा मैं उन्वान के साथ
मेरे लुटने का तमाशा भी चला बरसों तक
ये तमाशा भी मैंने देखा है औसान के साथ
ज़िंदगी रोज़ कहा करती है जाने दो मुझे
कौन रखता है त'अल्लुक़ भी परेशान के साथ
अपने किरदार से इंसाफ़ किया है मैंने
अपनी ख़्वाहिश की मरें भी इसी पहचान के साथ
दुख फ़क़त होता जुदाई का तो सह भी लेता
रोज़ मरता हूँ तेरे आने के इम्कान के साथ
मेरी बीनाई चली जानी थी ईमान के साथ
इसलिए राब्ता रक्खा नहीं भगवान के साथ
0 Comments