ग़ज़ल غزل
__________
तमाम मुश्किलों के हल बनाने लगते हैं
हम अपने आप को पागल बनाने लगते हैं
ये रोज़-रोज़ का किस्सा है आज जीते नहीं
तमाम लोग यहाँ कल बनाने लगते हैं
वो जिनका फ़र्ज़ हमें रास्ता दिखाना है
हमारी राह प दलदल बनाने लगते हैं
हमारी प्यास न बरसे हमारी आँखों से
सो अपनी आँखों को छागल बनाने लगते हैं
कुछ एक लोग जहाँ छोड़ने नहीं देते
ये मेरे पाँव में साँकल बनाने लगते हैं
हम ऐसी नस्ल के पौधे जो सब्ज़ रहने को
शजर बने न बने फल बनाने लगते हैं
सब आस्तीन के साँपों का शुक्रिया "दख़लन"
ये तेरी ज़ात को संदल बनाने लगते हैं
सुना है मर्दों पे फबते नहीं रवाँ आँसू
लिहाज़ा आँखों को छागल बनाने लगते हैं
तुम्हारा अक्स बनाते हैं पहले आँखों में
फिर अपनी आँखों को छागल बनाने लगते हैं
ख़बर किसी को नहीं है कि अगले पल क्या हो
पर आज जीते नहीं कल बनाने लगते हैं
अजीब लोग हैं हम आज को नहीं जीते
सो रोज़ मरते हैं और कल बनाने लगते हैं
0 Comments