ग़ज़ल غزل
__________
करवटें कहती रहीं तेरी कहानी कल शब
नींद ने बात मेरी एक न मानी कल शब
अपने माथे पे पड़ी चंद लकीरों के सिवा
ख़ाक कर दी तेरी हर एक निशानी कल शब
ज़ब्त ने रोल सितमगर का निभाया कल भी
इल्तिजा करती रहीं आँखे कि दो पानी, कल शब
घर से बे-दख़्ल हुए लोग भी क्या देखें भला
ख़्वाब में फिर से हुई नक़्ल-ए-मकानी कल शब
बर्फ़ हो जाए बदन ये भी सहूलत न मिली
तलवे मलती रही इक आस पुरानी कल शब
हम परेशान थे और इतने परेशां कि लगा
माँ सुना दे हमें परियों की कहानी कल शब
कल भी इक शख़्स न होते हुए मौजूद रहा
वही सुनता रहा आशुफ़्ता-बयानी कल शब
तेरी तस्वीर को कल शे'र सुना बैठे थे
फिर बताते रहे लफ़्ज़ों के मआनी कल शब
ज़ब्त की धूप में जलती रहीं आँखे मेरी
फिर मयस्सर न हुआ आँख को पानी कल शब
दोनों दरिया में तलातुम के बने थे इम्कान
बाँध पलकों का बना रोकी रवानी कल शब
दोस्त भी चार पुराने थे बियर थी हम थे
झील के पास वही कार पुरानी कल शब
0 Comments