ग़ज़ल غزل
___________
___________
हम कि घर-बार प दफ्तर प ग़ज़ल कहते हैं
जिसको जी लें उसी मंज़र प ग़ज़ल कहते हैं
जिनकी औक़ात नहीं कुछ नया ईजाद करें
तीर-तलवार प खंजर प ग़ज़ल कहते हैं
क्या कहा आपने देखी नहीं पिघली आँखे
आप क्या ख़ाक समंदर प ग़ज़ल कहते हैं
फ़लसफ़ा अपना है हर शय में ख़ुदा है सो हम
आग पे पानी प कंकर प ग़ज़ल कहते हैं
उसके विषपान ने दीवाना किया है हमको
हम वो साधू हैं जो शंकर प ग़ज़ल कहते हैं
सीन जीवन का जो इक पल में बदल देता है
हम उसी साँवले गिरधर प ग़ज़ल कहते हैं
हम कि मिट्टी को लगा लेते हैं माथे से और
चाँद सूरज प सितारों प ग़ज़ल कहते हैं
जंग करनी है तो पोरस है वगरना हम लोग
हाथ फैलाए सिकंदर प ग़ज़ल कहते हैं
हम बचाते हैं नदी, फूल ये जंगल पर्बत
जो हैं ना-शुक्रे वो बंजर प ग़ज़ल कहते हैं
उसको जिस रूप में देखोगे वही दिखता है
राम को देख के गिरधर प ग़ज़ल कहते हैं
ज़ाविए पैदा नहीं करते किताबों से हम
जिसको जी लें उसी मंज़र प ग़ज़ल कहते हैं
0 Comments