Ticker

6/recent/ticker-posts

P धुआँ आँख से उड़ाते हुए


ग़ज़ल غزل
__________

ख़ुदा ने सोचा नहीं था जहाँ बनाते हुए
उसे भी रहना पड़ेगा यूँ मुँह छुपाते हुए

ब-शक़्ल-ए-अश्क धुआँ आँख से उड़ाते हुए
मैं ख़ुद ही जल गया हूँ रौशनी बनाते हुए

ख़ुद अपने पाँव में ज़ंजीर डाल लेता था
किसी के वास्ते राहें नई बनाते हुए

मैं जिसकी नज़रों में हर पल खटकता रहता हूँ
वो शख़्स ख़्वाब में आया गले लगाते हुए

हमेशा हाथ पकड़ लेता है मेरा माज़ी
तेरी गली से मेरी जान आते-जाते हुए

हमारे ज़ब्त के क़दमो में बैठे रहते हैं
वो सारे दुख जो सहे हमने मुस्कुराते हुए

मुझ ऐसे मर्द को रोता भी देख सकता था
पलट के देखता वो एक बार जाते हुए

जहाँ बना के ख़ुदा आज तक है शर्मिंदा
भटक रहा है कहीं सबसे मुँह छुपाते हुए

ख़ुद अपने पाँव में ज़ंजीर डाल ली "दख़लन"
किसी के वास्ते राहें नई बनाते हुए

हम इसलिए भी नहीं पार कर सके दरिया
हमारा वक़्त गया कश्तियाँ बनाते हुए

हम अपने माज़ी के चेहरे को चूम लेते हैं
तेरी गली से मेरी जान आते-जाते हुए

नदी पहाड़ बचा ले तू पेड़ पौधे बचा
मिलेगा कुछ भी नहीं दीन को बचाते हुए






Post a Comment

0 Comments