ग़ज़ल غزل
__________
क्या पता था ज़िंदगी हल्कान होती जाएगी
रोज़ इक ग़म से मेरी पहचान होती जाएगी
आदमी सब कुछ दिनों में जानवर हो जाएंगे
दुनिया साली जंग का मैदान होती जाएगी
क्या बनाते वक़्त उसको ये ख़याल आया नहीं
नस्ल-ए-आदम दिन-ब-दिन हैवान होती जाएगी
सोचता था मुश्किलों में दोस्त तेरा साथ है
क्या ख़बर थी दोस्ती एहसान होती जाएगी
भूख दौलत की, बदन की या मियां रोटी की हो
भूख हर इक शख़्स की भगवान होती जाएगी
जिसने देखा है हमारे जिस्म का हर तिल वही
हमसे बेहतर जो मिला अंजान होती जाएगी
हम चले थे चंद ग़ज़लों में रक़म करने उसे
लगता है उसकी कमी दीवान होती जाएगी
कब तलक उलझी रहेगी ज़ुल्फ़ के ज़िंदान में
इस तरह तो शायरी बेजान होती जाएगी
0 Comments