ग़ज़ल غزل
__________
छोड़ सब मेरे यार मिट्टी है
फूल मिट्टी है ख़ार मिट्टी है
हर जगह बस शुमार मिट्टी है
हम फ़क़ीरों ने बार-बार कहा
छोड़ सब मेरे यार मिट्टी है
हर निवाला कहेगा सुन के देख
तेरी अम्मा सा प्यार मिट्टी है
पेड़, पौधे, पहाड़ हर मंज़र
इनके सर पे उधार मिट्टी है
मेरी रग रग में दौड़ती मिट्टी
मेरे सर पर सवार मिट्टी है
लड़ रहे हैं सभी ख़ुदाओ पर
हां मगर सोगवार मिट्टी है
ये घड़ा है, ये दीप, वो गुड़िया
और इनका कुम्हार मिट्टी है
जो हवा सांस बन गई तन में
उसकी मालिक भी यार मिट्टी है
आप माने इसे या रद कर दें
मेरे जीवन का सार मिट्टी है
तुम नशा करते हो अक़ीदों का
अपने सर का खुमार मिट्टी है
इसी मिट्टी से हैं शिवा, राणा
ये बड़ी रौबदार मिट्टी है
मेरे मौला कतार में आओ
मेरा अव्वल तो प्यार मिट्टी है
0 Comments