ग़ज़ल غزل
__________
पीपल की तरह है कभी चंदन की तरह है
इक शख़्स मेरी प्यास को सावन की तरह है
वो ग़ैर के पहलू में भी दुल्हन की तरह है
इक घोंसले में चिड़िया के अंडों सी है ख़ुशी
ख़सलत भी दुखों की मेरे नागन की तरह है
गड्ढों से भरी राह पे महसूस हुआ कल
ये टूटी सड़क भी मेरे जीवन की तरह है
वीरानी में कमरे की घड़ी और घड़ी की टिक
बिंदी की तरह है तेरे कंगन की तरह है
फिर सोच ले इक बार तेरा इश्क़ है पहला
यह जिस्म हमारा मगर उतरन की तरह है
विधवा की तरह ख़ाली है हर रंग से ये दिल
बाहर से मेरा रूप सुहागन की तरह है
क्या ख़ाक ग़ज़ल कहते जो तुम साथ में होते
ग़ज़लों को तेरा ग़म ही तो ईंधन की तरह है
ये प्यार किसी बज़्म की रक़्क़ासा नहीं दोस्त
बस प्रेम तो मीरा के समर्पण की तरह है
माँ-बाप सा लगता है मुझे अपना ख़ुदा भी
ये खौफ़-ए-ख़ुदा मुझको तो बंधन की तरह है
ये मोजिज़ा है रूह का नाचे है क़बा भी
वर्ना क़बा भी यार ये कतरन की तरह है
मन आपका है, कोई सराए नहीं "दख़लन"
ख़्वाहिश तो दर-ए-दिल पे भिखारन की तरह है
0 Comments