Ticker

6/recent/ticker-posts

P 12- रीढ़ को सीधी 2x15

गज़ल
________
दशरथ के घर जन्म लिया था लेकिन भटके वन-वन भी
जीवन के संग मुफ़्त नहीं है आसानी का कूपन भी

रीढ़ को सीधी रखना सीखो, सीधी रक्खो गर्दन भी
उठा रखा हो तुमने चाहे आफ़त का गोवर्धन भी

मिल बैठा है तो फिर इसके नाज़ उठाना बनता है
जीवन तुझको मुआफ़ किया जा हो जाती है अनबन भी

बोझ नदामत का कितना था माता कैकई पर सोचो
भरत के आँसू हाथ आए थे ख़ाली था सिंहासन भी

उस बिरहन की पीड़ा सोचो जिसके लक्ष्मण वन में हैं 
जीभ चिढ़ाते लगते होंगे बिंदिया चूड़ी कंगन भी

नज़र-नज़र की बात है प्यारे तुमको पत्थर लगते हैं 
हम गढ़ लेते हैं पत्थर में भोले-दुर्गा, मोहन भी

मन की आँखें खुल जाएँ तो दुनिया नाहक लगती है
सूरदास की आँखें मोहन सूरदास का दर्पन भी

भस्म में लिपटे बैठ गए जब महादेव मन में आकर
विष निकले या निकले अमृत चलने दो फिर मंथन भी

उस बिरहन का हाल न पूछो जिसका साजन पास नहीं
जीभ चिढ़ाते लगते होंगे बिंदिया चूड़ी कंगन भी

मिलन का मतलब हम से समझें दुनिया के सारे जोगी
चित्रकूट का घाट भी हम हैं और शबरी की जूठन भी

मिट्टी पर पड़ती बारिश की सौंधी ख़ुशबू गायब है
अब लगता है क्यूँ करवाया हमने पक्का आंगन भी

______
दख़लन भोपाली

Post a Comment

0 Comments