Ticker

6/recent/ticker-posts

P 106 अगर किसी को कभी बद 1212 1122 1212 22

ग़ज़ल غزل
__________

किसी को यूँ ही नहीं बद-चलन समझते हैं 
हम उसका पहले मियाँ आचरण समझते हैं 

लकीर माथे की पढ़ते हैं, मन समझते हैं 
सफ़र पिता का शिकन-दर-शिकन समझते हैं 

गगन में हैं जो जबीं की शिकन समझते हैं 
सितारे हो गए जो मेरा मन समझते हैं 

जबीं पे आई शिकन को शिकन समझते हैं 
ये मेरे लोग मेरा ख़ाक मन समझते हैं 

जबीं पे लिक्खी हुई हम शिकन समझते हैं 
सफ़र में होती है कितनी थकन समझते हैं 

जबीं पे नाचती हर इक शिकन समझते हैं 
हम ऐसे लोग सफ़र की थकन समझते हैं 

हरण सिया का दशानन का काल बनना है
ये बात पहले से वन के हिरन समझते हैं

हमारी नस्ल में दानी हैं कर्ण के जैसे
ज़रा से चीर की क़ीमत किशन समझते हैं 

किसी की प्यास की ख़ातिर धरे हैं आब का रूप
हम ऐसे काम को ही आचमन समझते हैं 

तुम आत्मा से अगर जुड़ सको तो पास आओ
वगरना तन को तो हम पैरहन समझते हैं 

बला का शोर बनाते हैं ख़ाली बर्तन तो
ख़मोश लोग ही चिंतन-मनन समझते हैं 

नदी पहाड़ दरख़्तों को पूजते हैं हम 
चमन समझते हैं, तितली का मन समझते हैं 

है लाज़िमी तो हमें शस्त्र धारना होगा
धरम समझते हैं, गीता वचन समझते हैं 

हमारे शजरे में तुलसी कबीर हैं "दख़लन"
तुम्हें ख़बर हो कि हम भी सुख़न समझते हैं 
______
दख़लन भोपाली

नदी उतार के लाए पहाड़ छत भी किए
न पूछ हमसे कि हम इल्म-ओ-फ़न समझते हैं 

नजूमी ख़ौफ़ दिखाओ न तुम सितारों का
दुखों को हम ख़ुशी का आगमन समझते हैं 

तुम आत्मा से अगर जुड़ सको तो स्वागत है
हम ऐसे लोग बदन को बदन समझते हैं 





Post a Comment

0 Comments