ग़ज़ल غزل
__________
चल दिये सब हवा जिधर की है
यही आदत हर इक बशर की है
एक मुश्किल ही रोज़ सर की है
दास्ताँ बस यही सफ़र की है
रोज़ ज़ुल्मत से हारते हैं मगर
हमको उम्मीद भी सहर की है
लोग बैठे हैं बूढ़े पेड़ के साथ
बस हवस आख़िरी समर की है
ख़ुद को इंसान कह रहा है तू
तेरी फ़ितरत तो जानवर की है
उसने सोने की बालियाँ देखीं
पर ज़रूरत नज़र में घर की है
दर पे पहरा दे मेरी तन्हाई
बाद मुद्दत के आँख तर की है
ज़र्द पत्ते गिराते पेड़ सुनो
ये रिवायत हमारे घर की है
हम बताएं तो रो पड़ें पत्थर
हमने वो ज़िंदगी बसर की है
कभी जीवन पहाड़ जैसा कभी
ज़िंदगी सिर्फ़ लम्हा भर की है
सबकी कीमत बढ़ाता रहता हूँ
ख़ासियत बस ये मुझ सिफ़र की है
काम आए नहीं ज़रूरत में
आपने तो अगर-मगर की है
पूछ मत पाँव देख ले मेरे
दास्ताँ बस यही सफ़र की है
_____
दख़लन भोपाली
0 Comments