ग़ज़ल غزل
___________
___________
इक शख़्स मेरी जान था, जाने कहाँ गया
यानी कि बस गुमान था, जाने कहाँ गयामुश्किल में कंधे झाड़ के रुख़सत हुए हैं सब
जो कुछ भी दरमियान था जाने कहाँ गया
अम्मा का नाम लिक्खा था कोने में था रखा
पीतल का फूलदान था जाने कहाँ गया
हम रो पड़े थे सब्ज़ दरख़्तों को देख कर
अपना भी साएबान था जाने कहाँ गया
फिर यूँ हुआ कि शहर मेरे गाँव आ गया
मुझमें भी इक किसान था जाने कहाँ गया
झूठों के शहर में था तलबगार सच का मैं
इक मैं ही ना-तवान था जाने कहाँ गया
इक भीड़ चीख़ती है ज़मीं पर ख़ुदा-ख़ुदा
और जिसका आसमान था जाने कहाँ गया
घर को संभालने में वो भी उम्र खा गई
लड़का मैं नौजवान था जाने कहाँ गया
0 Comments