Ticker

6/recent/ticker-posts

चलो जाने दो 2122 1122 1122 22

ग़ज़ल غزل
_________

यक-ब-यक प्यार में छोड़ा है, चलो जाने दो
राह-ए-पुर-ख़ार में छोड़ा है, चलो जाने दो

बाद में उँगली उठाओगे हवाओं पे अभी
मुझको मझधार में छोड़ा है चलो जाने दो

तूने भी ज़ख़्म लगाए तेरी तस्वीर ने भी
दाग़ दीवार में छोड़ा है, चलो जाने दो

ये बड़ी बात है भाई कि दरीचा तुमने
नई दीवार में छोड़ा है चलो जाने दो

अपने बेटे को सिखानी है न दुनियादारी
उसको बाज़ार में छोड़ा है चलो जाने दो

मछलियाँ देखने दुनिया को थीं बैचेन बहुत
आपने जार में छोड़ा है, चलो जाने दो

ऐड रखकर किसी स्कूल का इक बच्चे ने
मेरे अख़बार में छोड़ा है चलो जाने दो

जो भी छोड़ा है पलट के नहीं देखा है कभी
हमने इक बार में छोड़ा है चलो जाने दो

न अना है न वफ़ादारी है लोगों के पास
क्या ही किरदार में छोड़ा है? चलो जाने दो

साथ लाना पड़ी बोतल हमें घर पर रम की
ग़म को कल बार में छोड़ा है चलो जाने दो

क्या ही तरकीब से हल्का किया है दुःख "दख़लन"
दर्द अशआर में छोड़ा है चलो जाने दो

Post a Comment

0 Comments